Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 27 December, 2024 (Friday, 12:10 pm)IST
महराजगंज/सिसवा: लोकनृत्य कत्थक में एक मिनट में अस्सी चक्कर लगाकर रिकॉर्ड बनाने वाली सिसवा कस्बे की सांची उर्फ परी अग्रवाल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गुरुवार को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में वीर बाल दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में उसे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजा गया।
सिसवा कस्बे के चित्रगुप्त नगर वार्ड निवासी 8 वर्षीया सांची उर्फ परी अग्रवाल मोहित अग्रवाल की पुत्री है। परी ने अपने मम्मी इं. स्तुति अग्रवाल की देखरेख में 3 वर्ष की उम्र से ही नृत्य की शिक्षा ली । परी ने अयोध्या धाम से लेकर प्रदेश के विभिन्न मंचों पर अपनी नृत्य व संस्कृत के श्लोकों से प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसकी बदौलत महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से परी को राष्ट्रपति भवन में समान्नित किए जाने के लिए बुलावा आया। सूचना पर 24 दिसंबर को परी के अभिभावक मोहित अग्रवाल व स्तुति अग्रवाल परी के साथ दिल्ली पहुंचे। गुरुवार को प्रातः 10 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान के कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इस बीच परी ने राष्ट्रपति को संस्कृत के श्लोक भी सुनाए। परी के इस सम्मान से परिजन बहुत खुश हैं। उसके मम्मी-पापा मोहित व स्तुति अग्रवाल का कहना है कि परी की काबिलियत के चलते उसे यह मुकाम मिला है।
पीएम से परी ने की छोटे तिरंगे के सम्मान की सिफारिश:-
पुरस्कृत होने के बाद परी भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी परी की बातों से काफी प्रभावित हुए। परी ने पीएम से स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस के अगले दिन इधर-उधर गिरे छोटे तिरंगों को सम्मानपूर्वक सहेजे जाने की सिफारिश की। इस पर उन्होंने परी को इस दिशा में कदम उठाए जाने के लिए आश्वस्त किया।