महाराजगंज: 16 जून 2025, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में कुल 82 परिवारों को 5-5 लाख की सहायता राशि के डेमो चेक का वितरण विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया और विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत डेमो चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 82 लाभार्थी परिवारों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए, जिसमें 05 लाभार्थियों को चेक का वितरण विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया और विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा किया गया। इन लाभार्थियों में सड़क दुर्घटना, आग से जलने की घटनाओं आदि में दिव्यांग हुए किसान और मृतक किसानों के परिवारों के सदस्य शामिल थे।
इस अवसर पर पनियरा विधायक ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनका योगदान अतुलनीय है। सरकार हर संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की भावना के तहत कार्य कर रही है। विधायक ने उपस्थित पीड़ित किसानों के परिजनों से कहा कि संकट की इस घड़ी में वे अकेले नहीं हैं, प्रशासन और जनप्रतिनिधि हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को त्वरित लाभ दिला कर उचित कार्यवाही सुनिश्चित करें।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि इस योजना के तहत, किसानों को दुर्घटना में मृत्यु होने पर 05 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाता है। विधायक ने आगे कहा कि किसानों को जागरूक होना चाहिए और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रभावित किसानों के परिवारों को कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के साथ–साथ अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान करना भी। इसमें पेंशन योजना, निराश्रित महिला कल्याण योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं सम्मिलित हैं। उन्होंने किसानों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के बारे में भी जानकारी दी । कहा कि यह योजना किसानों को दुर्घटना के कारण होने वाली शारीरिक क्षति या मृत्यु के मामले में वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
जनपद में कुल 02 दिव्यांग किसानों और 107 मृतक किसानों के परिजनों को 05 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अंबेडकर नगर से मा. मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार ने किया। कार्यक्रम का संचालन नायब तहसीलदार सदर देश दीपक तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार, उप जिलाधिकारी सदर रमेश कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी विजय यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।