Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 24 Sep 2024 (Tuesday 10:06Am) IST
महराजगंज: महराजगंज महोत्सव में मोनाली ठाकुर, बी. प्राक व मनोज तिवारी के साथ एक और फिल्मी सितारा का नाम जुड़ गया है। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी महोत्सव में जलवा बिखेरेंगी। भोजपुरी फिल्म स्टार व गायक मनोज तिवारी के साथ महोत्सव के अंतिम दिन तीन अक्तूबर की शाम को अपनी प्रस्तुति देंगी। अक्षरा सिंह की स्वीकृति मिलने के बाद जिला प्रशासन क्राउड मैनेजमेंट को लेकर रणनीति बनाने जुट गया है।
अक्षरा सिंह कई भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर उनके सात मिलियन फालोवर हैं। महोत्सव के अंतिम दिन मनोज तिवारी के साथ उनकी प्रस्तुति को देखने दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ सकती है। इसको लेकर लोगों की फीड बैक लेकर प्रशासन ने सुरक्षा प्रबंध पुख्ता बनाने में तैयारी शुरू कर दी है।
महराजगंज महोत्सव में पहली बार खेल को शामिल किया गया है। अभी तक महोत्सव में प्रतिभाग नहीं कर पाने से खिलाड़ियों में मायूसी देखने को मिल रही थी। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर महोत्सव में खेल को भी प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है। महोत्सव के तीनों दिन मैराथन, कुश्ती व क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें जिले भर के खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा में शामिल होकर जिले में अपनी पहचान बना सकेंगे। मैराथन दौड़ में ढाई हजार लोग जिला मुख्यालय से कार्यक्रम स्थल तक दौड़ में शामिल होंगे।
शिल्पग्राम में उत्तर प्रदेश के कई जिले व अन्य राज्यों के दिखेंगे उत्पाद:-
महराजगंज महोत्सव में शिल्पग्राम भी बसाया जाएगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा अन्य राज्यों के प्रसिद्ध उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। जिलाधिकारी अनुनय झा ने शिल्पग्राम के लिए उपायुक्त उद्योग को विभिन्न जनपदों के साथ अलग-अलग राज्यों से भी संपर्क कर वहां के प्रमुख उत्पादों का स्टॉल महोत्सव में आयोजित करवाने का निर्देश दिया है। साथ ही ओडीओपी स्टालों के लिए संबंधित जिलों से संपर्क कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।
विज्ञान प्रदर्शनी और रंगोली में दिखेगी जिले की विविधता :-
जिलाधिकारी ने महोत्सव में साइंस प्रदर्शनी और रंगोली को अलग अलग थीम पर आयोजित करने का निर्देश दिया है। साइंस प्रदर्शनी में जिले के बाल वैज्ञानिकों का इनोवेशन दिखेगा। डीएम ने महोत्सव में रोटरी क्लब के साथ समन्वय कर टीबी पोषण किट का वितरण और रक्तदान शिविर आयोजित करवाने का भी निर्देश दिया है। साथ ही महिला सुरक्षा/मिशन शक्ति और दिव्यांगों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करने का भी फरमान जारी किया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए डीएम ने सीडीओ अनुराज जैन, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, जिला कृषि वीरेन्द्र कुमार, एसडीएम सदर रमेश कुमार, अपर एसडीएम मदन मोहन वर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, एआर कोआपरेटिव सुनील गुप्ता, ईओ आलोक कुमार के साथ बैठक कर निर्देश दे चुके हैं।
महराजगंज महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए सभी तैयारी योजना के अनुरूप पूरी कराई जा रही है। सभी नोडल अधिकारी, विभिन्न समितियों व संबंधित अधिकारियों से समन्वय करते हुए सभी कार्यक्रम का सफल संचालन कराया जाएगा।