रिपोर्ट – राकेश त्रिपाठी।
निचलौल/ महराजगंज : सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के निचलौल रेंज में स्थित मगरमच्छ संरक्षण केन्द्र दर्जिनिया ताल में शनिवार को एक ऐसा वाकया हुआ, जिसे देख लोग दांतों तले उंगलियां दबा ले रहे हैं।
29 सेकेंड के एक वायरल वीडियो में मगरमच्छों से भरे इस ताल में एक युवक बेखौफ होकर झूमता हुआ घुस गया। ताल के बीच में मिट्टी के टीले पर धूप सेंक रहे मगरमच्छों की ओर तेजी से बढ़ने लगा। संयोग अच्छा रहा कि मगरमच्छों ने युवक पर हमला नहीं किया और वे खुद गहरे पानी में छलांग लगा दिए। युवक का वीडियो वायरल होने से दर्जीनिया ताल की सुरक्षा की पोल खुल गई। निचलौल क्षेत्र के दर्जिनिया ताल को मगरमच्छ संरक्षण केन्द्र बनाया गया है। पर्यटकों के लिए यह आकर्षण का केन्द्र है। पहले यहां लोग निशुल्क घूमते थे, लेकिन अब वन विभाग ने गाड़ियों की पार्किंग के साथ ताल परिसर में प्रवेश के लिए शुल्क लगा दिया है। लेकिन लोगों के अनुसार सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं। शनिवार को युवक ताल में मगरमच्छों के बीच घुस गया व किसी ने वीडियो बनाकर वायरल किया। युवक को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है, पर युवक की दशा ठीक नहीं बताई जा रही है। ताल में घुसा युवक उसके बाद कहां गया यह भी मालूम नहीं हो पाया है।
