Reported by: Amit Yadav
Edited by: Adrash Tripathi
Updated: 4 January, 2025 (Saturday, 12:37pm)IST
महराजगंज/लक्ष्मीपुर: महराजगंज में तेंदुए के आतंक का मामला थम नहीं रहा है। शनिवार की सुबह लक्ष्मीपुर के मझौली स्थित एक मस्जिद में छत के रास्ते तेंदुआ घुस गया। मस्जिद में किताबें पढ़ रहे लोगों पर हमला बोलकर तेंदुए ने आतंक मचाना शुरू कर दिया। लोगों ने दिलेरी दिखाकर तेंदुए को दबोच लिया और इस घटनाक्रम में तेंदुए की मौत भी हो गई। लक्ष्मीपुर के मझौली स्थित मस्जिद में लोग रोज सुबह पहुंचकर पढ़ते हैं। इनमें बड़े-बुजुर्ग भी रहते हैं। शनिवार की सुबह रोज की तरह लोग मस्जिद में थे। इसी बीच अचानक छत के रास्ते जंगल से निकलकर आया तेंदुआ मस्जिद में घुस गया।
नमाज पढ़ रहे लोगों पर हमला बोल दिया। तेंदुए के हमले में 51 वर्षीय साजिद अली, 40 वर्षीय नुरूल होदा, 40 वर्षीय हैदर घायल हो गए। इस दौरान मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को पकड़ लिया। हमलावर तेंदुए को लोगों ने जाल में बांध दिया। इस दौरान संघर्ष में तेंदुए की मौत हो गई। आनन-फानन में घायलों को लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया और इसकी वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर वन विभाग की टीम पहुंच गई है।
एक किशोरी को घायल कर पहुंचा था तेंदुआ:-
बीते एक जनवरी को विशुनपुर कुर्थिया गांव के ईंट भट्ठे पर तेंदुए ने एक मजदूर पर हमला कर दिया था। तभी से वह आसपास छिपा था। शनिवार की सुबह एक 16 वर्षीया किशोरी यासमीन को घायल कर तेंदुआ मस्जिद में घुसा था। विशुनपुर कुर्थिया और मझौली करीब पांच किमी दूरी पर हैं।