Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 23 November, 2024 (Saturday, 4:05pm)IST
महराजगंज: घुघली-आनंदनगर वाया महराजगंज नई रेल लाइन के लिए 29 गांव में भूमि अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। मुआवजा वितरण के लिए रेलवे ने भूमि अध्याप्ति विभाग को ढाई अरब रुपया दे दिया है। अब यह आंकड़ा तैयार किया जा रहा है कि किस गांव में कितने किसानों के खाते में कितनी धनराशि मुआवजा के रूप में भुगतान किया जाएगा? एक सप्ताह के अंदर अधिग्रहीत भूमि के बदले किसानों के खाते में मुआवजा की धनराशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
रेल मंत्रालय 53 किमी लंबी इस नई रेल लाइन के लिए कुल 57 गांव में 194 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण करेगा। अभी तक 12 गांव में नई रेल लाइन के लिए 33.124 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत हो चुकी है। अभी तक 1.11 अरब का मुआवजा भुगतान किया जा चुका है। 17 गांव में अधिग्रहण के लिए 71.5 हेक्टेयर भूमि एवार्डेड हो चुकी है। मुआवजा भुगतान के लिए भूमि अध्याप्ति विभाग ने चार अरब रुपया की डिमांड की थी। इसमें से ढाई अरब रुपया रेलवे ने दे दिया है।
रेलवे के लिए गोरखपुर जिले से 12 गांव में अधिग्रहित होगी भूमि:-
घुघली-आनंदनगर वाया महराजगंज नई रेल लाइन 57 गांव से गुजरेगी। इसमें से 45 गांव में भूमि अधिग्रहण महराजगंज जिला का उप भूमि अध्याप्ति विभाग कर रहा है। नई रेल लाइन के 12 अतिरिक्त जिन गांव में भूमि अधिग्रहित होगी उसमें से 12 गांव माधोपुर, रमवापुर, इंदरपुर, सरपतहा, लक्ष्मीपुर सुम्हाखोर, राजपुर, कम्पियरनगर, चौमुखा, बनभागलपुर, बसंतपुर, लोहरपुरवा, ठाकुरनगर गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज तहसील क्षेत्र में पड़ते हैं। इन गांवों में भूमि अधिग्रहण गोरखपुर से होगा।
आठ गांव का सर्वे पूरा, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन:-
महराजगंज जिले में 29 गांव में भूमि अधिग्रहण के बाद शेष आठ गांव में सर्वे पूरा हो चुका है। जल्द ही इन गांव में भूमि अधिग्रहण के लिए रेलवे गजट नोटिफिकेशन जारी करेगा। इसके बाद चौदह गांव में भूमि अधिग्रहण के लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी। भूमि अध्याप्ति विभाग का कहना है कि पूरी उम्मीद है कि मार्च तक रेलवे के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
रोहिन नदी पर 54 करोड़ से बनेगा रेल सेतु:-
नई रेल लाइन रोहिन नदी को पार करते हुए गुजरेगी। इसके लिए नदी पर रेल सेतु बनाया जाएगा। इस पर 54 करोड़ रूपये खर्च होंगे। रेलवे ने रोहिन नदी पर पुल निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। यह रेल परियोजना विशेष प्रोजेक्ट में शामिल होने की वजह से भूमि अधिग्रहण के अलावा अन्य कार्य शुरू करने की प्रक्रिया रेलवे ने शुरू कर दिया है। इसके लिए 429 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए जा चुके हैं।
मदन मोहन वर्मा-उप भूमि अध्याप्ति अधिकारी/एसडीएम ने बताया कि, घुघली-आनंदनगर वाया महराजगंज नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज गति से पूरा किया जा रहा है। 29 गांव में भूमि अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। इसके अलावा आठ गांव में सर्वे पूरा हो चुका है। मुआवजा वितरण के लिए ढाई सौ करोड़ रुपया मिल चुका है। जल्द ही मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।