Reported by: Virendra Singh Yadav
Edited by: Amit Yadav
महराजगंज/फरेन्दा: फरेन्दा नगर पंचयात आनन्द नगर के वार्ड नम्बर 15 विकास नगर में शुक्रवार की भोर में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता प्रीति जायसवाल की मौत हो गई। उसका शव घर में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी। इस मामले में मृतका के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताया है। पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्रीति जायसवाल का मायका नौतनवा क्षेत्र के मधुबन नगर में है। नवंबर 2017 में उसकी शादी नगर पंचायत आनंदनगर के विकास नगर वार्ड निवासी गौरव उर्फ दिलीप जायसवाल के साथ हुई थी। दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कुंज छह वर्ष व छोटा बेटा शिवाय दो वर्ष का है। ससुराल वालों के मुताबिक गुरूवार की रात प्रीति भोजन के बाद बड़े बेटे कुंज को ननद के पास छोड छोटे बेटे शिवाय को लेकर अपने कमरे में सोने चली गई। शुक्रवार की भोर तीन बजे जब ननद भाभी प्रीति के कमरे पानी लेने गई तो अंदर का नजारा देख बदहवास हो गई। प्रीति का शव साड़ी के फंदे के सहारे लटक रहा था। ननद के शोर मचाने पर परिजन उठे। कैंची से फंदा को काट प्रीति को नीचे उतारा गया। आनन-फानन में उसे नजदीक के एक नर्सिंग होम ले जाया गया। परिजनों के मुताबिक नर्सिंग होम से उसे रेफर कर दिया गया। उस समय तक प्रीति की सांस चल रही थी। नर्सिंग होम से प्रीति को लेकर परिजन फरेंदा सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
समूह से लोन को चुकता न कर पाने से परेशान थी प्रीति:-
ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि कुछ दिनों से गौरव की आर्थिक स्थिति काफ़ी खराब चल रही थी। प्रीति भी कई समूह से लोन ली थी। जिसको अदा करने में परेशानी हो रही थी। लेकिन इतनी बड़ी घटना जैसी कोई बात नहीं थी। प्रीति की मौत की खबर मिलने के बाद उसके मायके वाले मौके पर पहुंचे। फरेंदा पुलिस को घटना की सूचना देकर हत्या की आशंका जताया। फरेन्दा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। प्रकरण में जांच-पड़ताल जारी है।