
Reported by: Up Times Live Team
नई दिल्ली: दिल्ली के कथित शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सड़कों पर उतर गई। दिल्ली समेत पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा शासित केंद्र सरकार पर अघोषित आपातकाल का आरोप लगाते हुए केजरीवाल को रिहा करने की मांग की।
दिल्ली में उनकी पुलिस से हल्की झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने आईटीओ चौक से सात सौ से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। इनमें मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता शामिल हैं।
दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुबह से आम आदमी पार्टी मुख्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए धारा-144 लागू कर दी थी। आप ने 21 मार्च की रात केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को सुबह 10 बजे देशभर में कार्यकर्ताओं से सड़कों पर उतरकर विरोध जताने का ऐलान किया था। इस अपील व गिरफ्तारी के विरोध में सुबह से पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचने लगे। वहां भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्यालय पर बढ़ती भीड़ देखकर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और थोड़ी देर में मुख्यालय को खाली करा लिया।
आप सांसद संदीप पाठक का आरोप है कि उनके नेताओं व कार्यकर्ताओं को सुबह से हाउस अरेस्ट कर लिया गया, जिससे वह विरोध प्रदर्शन में शामिल ना हो सकें। दिल्ली के अलावा पंजाब से आए मंत्रियों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित आम आदमी पार्टी मुख्यालय के रास्ते को तीन जगह बैरिकेड लगाकर हर तरफ से आने वाले रास्ते को बंद कर दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता आईटीओ पर चारों तरफ से आ रहे रास्तों के जरिए आईटीओ चौक पर पहुंचने लगे। दिल्ली सरकार की शिक्षा मंत्री आतिशी को पुलिस ने 11 बजे के बाद आईटीओ चौक से हिरासत में ले लिया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज को भी हिरासत में ले लिया। उनके साथ महिला कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
प्रदर्शनकारी झुंड बनाकर पहुंचे:-
आप कार्यकर्ताओं ने रणनीति के तहत एक साथ ना जाकर थोड़े-थोड़े अंतराल पर आईटीओ की तरफ जाने वाले चारों रास्तों से झुंड बनाकर कूच किया। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज, दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार सहीराम पहलवान, आप विधायक शिवचरण गोयल समेत कई कार्यकर्ताओं को घसीटते हुए बसों में बैठाकर थाने ले जाया गया। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।